Tuesday 23 October 2012

असत्य पर सत्य की जीत


दशहरा हिन्दुओं का एक प्रमुख त्योहार है। इसका आयोजन अश्विन मास में शुक्ल पक्ष की दशमी को होता है। भगवान राम ने इसी दिन रावण का वध किया था। इसे असत्य पर सत्य की विजय के रूप में मनाया जाता है। विजयादशमी सिर्फ इस बात का प्रतीक नहीं है कि अन्याय पर न्याय अथवा बुराई पर अच्छाई की विजय हुई थी, बल्कि यह बुराई में भी अच्छाई ढूँढ़ने का दिन होता है। रावण में कुछ अवगुण जरुर थे, लेकिन उसमें कई गुण भी मौजूद थे, जिन्हे कोई भी व्यक्ति अपने जीवन में उतार सकता है। यदि रामायण या राम के जीवन से रावण के चरित्र को निकाल दिया जाए तो संपूर्ण रामकथा का अर्थ ही बदल जाएगा। स्वयं राम ने रावण के बुद्धि और बल की प्रशंसा की है। रावण जब मृत्यु शैया पर था तब भगवान राम जी ने लक्ष्मण को रावण के पास शिक्षा लेने के लिए भेजा था।

महर्षि वाल्मीकि ने रावण को महात्मा कहा है। सुबह के समय लंका में पूजा-अर्चना, शंख और वेद ध्वनियों से गुंजायमान वातावरण का रामायण में अलौकिक चित्रण है। रावण अतुलित ज्ञानी तथा बहु-विद्याओं का ज्ञाता था। एक कुशल राजनीतिज्ञ, सेनापति, वास्तुकला का ज्ञाता एवं राष्ट्रनायक था।

उसने माता सीता का हरण अवश्य किया था लेकिन इसके पीछे उसका विचार कितना उज्ज्वल था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने एक बार मंदोदरी से कहा था कि -

'
दसी पड़े तो पड़न दे मन में राखो धीर।

ता कारण सीता हरी कि मुक्ति देत रघुवीर।'

अर्थात 'मेरे दस के दस शीश भी कट जाएँ तो कटने दे, मन में थोड़ा धीरज रख। मैंने सीता का हरण इसलिए किया है कि मुझे रघुवीर के हाथों मुक्ति मिले।'

रावण में अवगुण की अपेक्षा गुण अधिक थे। रामकथा में रावण ऐसा पात्र है, जो राम के उज्ज्वल चरित्र को उभारने का काम करता है। संयमी रावण ने माता सीता को अंतःपुर में नहीं रखा,बल्कि अशोक वन में सीता को स्त्री-रक्षकों की पहरेदारी में रखा ताकी राम का वनवास-प्रण खंडित हो। रावण ने सीताजी द्वारा उपहास किए जाने के बावजूद भी बलप्रयोग कदापि नहीं किया, यह उसकी सहनशीलता और संयमशीलता को परिलाक्षित करता है।


असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देने वाले विजयादशमी पर्व पर जहां एक ओर लाखों की संख्या में लोग भगवान श्रीराम की पूजा करते हैं वहीं देश में कुछ लोग रावण को अपना आराध्य मानकर शक्ति के रूप में उसकी पूजा करते हैं।

कानपुर में एक मंदिर जिसका नाम दशानन मंदिरहै। यहां श्रद्धालु सिर्फ रावण की पूजा अर्चना ही नहीं करते बल्कि अपने लिये मन्नतें भी मांगते हैं। कानपुर से सटे उन्नाव जिले के मौरावां कस्बे में भी राजा चन्दन लाल द्वारा सन् 1804 में स्थापित रावण की मूर्ति की पूजा की जाती है।

मध्य प्रदेश के मंदसौर में नामदेव वैश्य समाज के लोगों के अनुसार रावण की पत्नी मंदोदरी मंदसौर की थी। अतः यहाँ रावण की वंदना करने भोग लगाने की परंपरा है।


मध्य प्रदेश के ही विदिशा जिले में स्थित रावणगाँव में रावण को महात्मा या बाबा के रूप में पूजा जाता है। यहाँ रावण बाबा की करीब आठ फीट लंबी पाषाण प्रतिमा लेटी हुयी मुद्रा में है और प्रति वर्ष दशहरे पर इसका विधिवत श्रृंगार करके अक्षत, रोली, हल्दी फूलों से पूजा करने की परंपरा है। चूंकि रावण की जान उसकी नाभि में बसती थी, अतः यहाँ पर रावण की नाभि पर तेल लगाने की परंपरा है अन्यथा पूजा अधूरी मानी जाती है।


भारत में यूँ तो कई जगह दशहरे का पर्व अलग अंदाज में मनाया जाता है परंतु हिमाचल प्रदेश के कुल्लू का दशहरा एवं मैसूर का दशहरा अपनी अलग पहचान से जाना जाता है।

कुल्लू का दशहरा एक दिन का नहीं बल्कि सात दिन का त्योहार है। जब देश में लोग दशहरा मना चुके होते हैं तब कुल्लू का दशहरा शुरू होता है। यहाँ इस त्योहार को दशमी कहते हैं। हिन्दी कैलेंडर के अनुसार आश्विन महीने की दसवीं तारीख को इसकी शुरुआत होती है। इसकी एक और खासियत यह है कि जब सब जगह रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण का पुतला जलाया जाता है तब कुल्लू में काम, क्रोध, मोह, लोभ और अहंकार के नाश के प्रतीक के तौर पर पाँच जानवरों की बलि दी जाती है।


मैसूर के दशहरे का इतिहास मैसूर नगर के इतिहास से जुड़ा है जो मध्यकालीन दक्षिण भारत के अद्वितीय विजयनगर साम्राज्य के समय से शुरू होता है। हरिहर और बुक्का नाम के दो भाइयों द्वारा चौदहवीं शताब्दी में स्थापित इस साम्राज्य में नवरात्रि उत्सव मनाया जाता था। लगभग छह शताब्दी पुराने इस पर्व को वाडेयार राजवंश के लोकप्रिय शासक कृष्णराज वाडेयार ने दशहरे का नाम दिया। समय के साथ इस उत्सव की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि वर्ष २००८ में कर्नाटक सरकार ने इसे राज्योत्सव (नाद हब्बा) का स्तर दे दिया है।

यदि हम अलग-अलग स्थान पर प्रचलित राम कथाओं को जानें, तो रावण को बुरा व्यक्ति नहीं कहा जा सकता है। जैन धर्म के कुछ ग्रंथों में रावण को 'प्रतिनारायण' कहा गया है। रावण समाज सुधारक और प्रकांड पंडित था। तमिल रामायणकार 'कंब' ने उसे सद्चरित्र कहा है। वह राक्षस कुल का होते हुए भी भगवान शंकर का उपासक था। उसने लंका में छह करोड़ से भी अधिक शिवलिंगों की स्थापना करवाई थी।




युग बदल चुका है। तब त्रेतायुग था, आज कलयुग है। रावण असुर था, उसकी वृत्तियाँ भी असुरी थीं लेकिन उसने भी अपने जमीर से गिरकर कोई कार्य नहीं किया। आज का मानव तो दानव नहीं है लेकिन उसकी असुरी वृत्तियाँ रावण को भी शर्मसार कर रही हैं। नित नई अमानवीय घटनायें एवं एक से बढकर एक घोटले असुरों को भी पीछे छोङ चुके हैं। आज तो ऐसे महानुभावों का प्रादुर्भाव हो रहा है जो जानवरों का चारा हो या विकलांगो सहारा, सभी को हजम करने की क्षमता रखते हैं। कहते हैं कि दशहरा का पर्व दस प्रकार के पापों- काम, क्रोध, लोभ, मोह मद, मत्सर, अहंकार, आलस्य, हिंसा और चोरी के परित्याग की सद्प्रेरणा प्रदान करता है।


आज पापों की काली छाया भारत की धरती पर गहराती जा रही है। मानव मन-दूषित होता जा रहा है। स्वार्थ-लोलुपता की आँधी में परमार्थ का लक्ष्य कहिं गुम हो रहा है। अहंकार असंख्य विकार लेकर लोगों के दिलों में दस्तक दे रहा है। आचरण की मर्यादा अपना अस्तित्व खोती नजर रही है।मित्रो, मन में ये प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि, आज के परिपेक्ष में लगभग हर दिन एक से बढकर एक हो रहे घोटाले रूपी पापों को परित्याग करने की प्रेरणा प्रदान करने वाला दशहरा कब आयेगा?


रावण को हर साल, पुरानी परंपरा के अंर्तगत जलाकर, दानवता पर मानवता की विजय के रूप में हम सब मनाते हैं। असुरी प्रवृत्ति के सर्वनाश का संदेशवाहक पर्व दशहरा युगों-युगों से इसीलिए मनाया जाता है ताकि मनुष्य के अंतर्मन में तामसी प्रवृत्तियाँ समाहित हो सकें। परंतु उस असुरी प्रवृतिको कब जलायेंगे जो पूरे समाज को जला रही है?

काश हर सालदशहरे पर हम प्रतीकात्मक रूप की बजाय वास्तव में अपने और समाज के अन्दर फैले रावण को ख़त्म कर पाते !!


मित्रों, विजयादशमी के इस पावन पर्व पर हम सभी मानवता को सशक्त करने का प्रयास करें एवं अपने कर्मों, में आदर्श और मर्यादाएँ लाकर असत्य पर सत्य की विजय का शंखनाद करें।

                                   

विजयदशमी की आप सभी को हार्दिक बधाई

Everyday sun rise to give us a message
that darkness will always be beaten by light.
Let us follow the same natural rule
and enjoy the festival of the victory of good over the evil.
     Happy Dussehra!



1 comment:

  1. जय मां हाटेशवरी...
    अनेक रचनाएं पढ़ी...
    पर आप की रचना पसंद आयी...
    हम चाहते हैं इसे अधिक से अधिक लोग पढ़ें...
    इस लिये आप की रचना...
    दिनांक 11/10/2016 को
    पांच लिंकों का आनंद
    पर लिंक की गयी है...
    इस प्रस्तुति में आप भी सादर आमंत्रित है।

    ReplyDelete